Jamshedpur:बर्मामाइंस क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की गंभीर समस्या को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। विनोबा आश्रम, सिद्धू-कानू बस्ती, विनोबा बस्ती सहित आसपास के इलाकों में टाटा स्टील यूएआईएसएल द्वारा अब तक पेयजल कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराए जाने और जुस्को द्वारा गंदा व अस्वच्छ पानी की आपूर्ति किए जाने से स्थानीय लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
जद (यू) बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष बबलू कुमार सिंह ने कहा कि लगभग एक वर्ष पूर्व जमशेदपुर पूर्वी के पूर्व विधायक एवं जमशेदपुर पश्चिम के वर्तमान विधायक सरयू राय ने टाटा स्टील यूएआईएसएल के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर बर्मामाइंस की कई बस्तियों—विनोबा आश्रम, सिद्धू कानू बस्ती, विनोबा बस्ती, दास बस्ती और कोयला ताल बस्ती—में पेयजल कनेक्शन देने की अनुशंसा की थी। बावजूद इसके, आज तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि जुस्को द्वारा सप्लाई किया जा रहा पानी न केवल गंदा है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी खतरनाक साबित हो रहा है। दूषित पानी पीने से संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि “पेयजल के नाम पर सिर्फ आश्वासन और सपने दिखाए जा रहे हैं।”
इसी क्रम में बुधवार को जद (यू) नेताओं ने बर्मामाइंस क्षेत्र का दौरा कर बस्तीवासियों से मुलाकात की। लोगों ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया। जद (यू) नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र पेयजल कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया गया, तो बस्तीवासियों के साथ मिलकर टाटा स्टील यूएआईएसएल गेट के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष दुर्गा राव, मंडल महामंत्री गंगाधर पांडे एवं दीपू तिवारी, कोषाध्यक्ष दीनू, रसो बेहर्रा, सिद्धू कानू बस्ती के मुखिया अशोक पांडेय, राम बस्ती के मुखिया राम कर्मकार, राम कुमार राजेश, प्रकाश जी, रवींद्र ठाकुर, भोला रजक, राम नरेश ठाकुर सहित कई स्थानीय नेता और ग्रामीण मौजूद थे।









