किरीबुरु में सीआरपीएफ का सिविक एक्शन प्रोग्राम, ग्रामीणों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

SHARE:

Guwa:किरीबुरु क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने समाज और सुरक्षा के बीच विश्वास की एक मजबूत कड़ी को फिर से जीवंत किया। शनिवार को 26वीं वाहिनी सीआरपीएफ के किरीबुरु परिसर में आयोजित सिविक एक्शन प्रोग्राम न सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम रहा, बल्कि यह ग्रामीणों के जीवन से सीधे जुड़ा एक मानवीय प्रयास बनकर सामने आया।
कार्यक्रम का आयोजन 26वीं वाहिनी के कमाण्डेन्ट राजीव रंजन के निर्देशानुसार किया गया, जिसका नेतृत्व सहायक कमाण्डेन्ट महेश्वर कुमार चौरसिया ने किया। उद्देश्य साफ था—क्षेत्रीय ग्रामीणों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध मजबूत करना और उनकी दैनिक जरूरतों में सहयोग देना।
कार्यक्रम के दौरान आसपास के गांवों से आए ग्रामीणों के बीच ठंड से बचाव के लिए कंबल, आवास उपयोग हेतु टीन शीट, खेती के लिए बीज, बच्चों के लिए खेल सामग्री और पठन-पाठन से जुड़ी वस्तुएं, छाते तथा महिलाओं के लिए रसोई उपयोग के बर्तन वितरित किए गए। सामग्री पाकर ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सहायक कमाण्डेन्ट महेश्वर कुमार चौरसिया ने नक्सलियों और असामाजिक तत्वों के बहकावे में न आने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ और जिला पुलिस क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से सुरक्षा बलों के साथ सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया।
इस अवसर पर निरीक्षक निरंजन कुमार, उपनिरीक्षक राजीव राणा, किरीबुरु थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रोहित कुमार और किरीबुरु पंचायत की मुखिया पार्वती किडो समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सिविक एक्शन प्रोग्राम के जरिए सीआरपीएफ ने यह संदेश स्पष्ट कर दिया कि वह केवल सुरक्षा बल नहीं, बल्कि समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाला सहयोगी भी है।

Leave a Comment