Chaibasa : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर गुवा सेल प्रबंधन ने छठ व्रतियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक सराहनीय पहल की है। गुवा बाजार स्थित कुसुम घाट पर छठ पूजा के दौरान व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके उद्देश्य से सेल प्रबंधन द्वारा छठ घाट निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
घाट पर सीढ़ीनुमा चबूतरे का निर्माण किया जा रहा है, जिससे छठ व्रती महिलाएं एवं श्रद्धालु सुरक्षित रूप से खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें। निर्माण कार्य शुरू होते ही स्थानीय महिलाओं और आम नागरिकों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि हर वर्ष छठ पूजा के दौरान फिसलन और अव्यवस्था के कारण व्रतियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन इस बार सेल प्रबंधन की पहल से छठ पूजा का आयोजन अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित रूप से हो सकेगा।
छठ व्रतियों एवं स्थानीय लोगों ने इस कार्य के लिए गुवा सेल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि घाट के पक्के निर्माण से न केवल सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि पूजा की गरिमा भी बनी रहेगी।
इसी क्रम में गुवा सेल प्रबंधन द्वारा रेलवे मार्केट स्थित कम्युनिटी हॉल के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। कम्युनिटी हॉल के बन जाने से स्थानीय लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यह भवन आने वाले समय में क्षेत्रीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
गुवा सेल प्रबंधन द्वारा किए जा रहे इन विकासात्मक कार्यों से यह स्पष्ट होता है कि कंपनी केवल औद्योगिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। इससे स्थानीय लोगों के बीच सेल प्रबंधन के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना और अधिक मजबूत हुई है।









