स्व. रामदास सोरेन की जयंती पर ‘RUN FOR RDS’, 1 जनवरी को घाटशिला में निकलेगी स्मृति और संकल्प की दौड़

SHARE:

Jamshedpur : पूर्व विधायक सह स्कूली शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन की जन्म जयंती के अवसर पर 1 जनवरी 2026 को घाटशिला में “RUN FOR RDS – घाटशिला दौड़ेगा” शीर्षक से 10 किलोमीटर की मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्व. रामदास सोरेन के संघर्ष, सेवा और शिक्षा के प्रति समर्पण को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संदेश है।

मैराथन की शुरुआत प्रातः मोऊभण्डार स्थित तांब्र प्रतिभा मंच मैदान से होगी, जो सूरदा क्रॉसिंग होते हुए पुनः प्रतिभा मंच मैदान पर संपन्न होगी। आयोजन समिति के अनुसार इस ऐतिहासिक दौड़ की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और घाटशिला इस अवसर के लिए पूरी तरह तैयार है।
आयोजकों का कहना है कि यह दौड़ शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर संघर्ष की भावना को मजबूत करेगी तथा नई पीढ़ी को अपने अधिकारों, समाज और भविष्य के प्रति सजग और सक्रिय बनने की प्रेरणा देगी।

घाटशिला प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू ने प्रातः 7 बजे समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ झामुमो के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, वरिष्ठ व सक्रिय नेता, महिला मोर्चा की नेत्रियां, पंचायत प्रतिनिधि, कार्यकर्ता और समर्थकों की सहभागिता इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएगी। “RUN FOR RDS” एक ऐसी दौड़ है, जो स्मृति को संकल्प में और संकल्प को सामाजिक परिवर्तन की दिशा में आगे ले जाने का प्रतीक बनेगी।

Leave a Comment