पोटका में भाजपा का अटल स्मृति सम्मेलन, अटल जी के जीवन आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

SHARE:

Jamshedpur : पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बुधवार को पोटका विधानसभा क्षेत्र के हल्दीपोखर स्थित त्रिपाठी भवन में भाजपा की ओर से अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने शिरकत की।

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। सम्मेलन को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मूल्यों और सुशासन के प्रति समर्पण को याद किया। उन्होंने कहा कि अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व में ही झारखंड अलग राज्य का गठन संभव हो सका।

उन्होंने पोखरण परमाणु परीक्षण, सर्वसमावेशी विकास की सोच, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और सुशासन की मजबूत नींव को अटल जी की दूरदृष्टि का परिचायक बताया। अर्जुन मुंडा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचार आज भी राजनीति में शालीनता और सार्वजनिक जीवन में मर्यादा का मार्गदर्शन करते हैं।

इस अवसर पर प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद और भाजपा नेता शैलेंद्र सिंह ने भी अटल जी की राजनीतिक विरासत, संगठन निर्माण में उनके योगदान और उनके विचारों को आत्मसात करने की आवश्यकता पर बल दिया। पोटका की पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा ने कहा कि अटल जी ने देश में सुशासन, विकास और राष्ट्रीय स्वाभिमान के नए मानदंड स्थापित किए।

सम्मेलन में जिला महामंत्री अनिल मोदी ने स्वागत संबोधन किया, मंच संचालन जिला मंत्री मनोज राम ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पोटका मंडल अध्यक्ष सुदीप डे ने किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन मूल्यों और आदर्शों पर चलने तथा उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। सम्मेलन में वरिष्ठ नेता रमेश हांसदा, पूर्व डिप्टी मेयर अमित सिंह, जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment