ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को देती हैं पहचान : विधायक जगत माझी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत मनीपुर मैदान में स्वर्गीय रामचरित्र गोप की स्मृति में आयोजित आरसी कप फुटबॉल टूर्नामेंट के तहत तीन दिवसीय प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को भव्य समारोह के साथ किया गया। समापन अवसर पर स्थानीय प्रशासन एवं प्रेस प्रतिनिधियों के बीच एक मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच खेला गया, जिसमें प्रेस पब्लिक की टीम ने 1–0 से जीत दर्ज की।

समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी, अतिविशिष्ट अतिथि जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजित यादव, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बीडीओ शक्तिकुंज, थाना प्रभारी एमियल एक्का, एसआई मयंक कुमार, मुखिया पूजा कुजूर, अशोक बंदा, ओनामी कोड़ा एवं एल्विना कंडुलाना उपस्थित रहे।

पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला एसएनएस गोविंदपुर एवं भुबने एफसी जमशेदपुर के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा, जिसके बाद पेनाल्टी शूटआउट कराया गया। पेनाल्टी में भुबने एफसी जमशेदपुर ने 3–1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को ट्रॉफी, जर्सी के साथ एक लाख रुपये नकद, जबकि उपविजेता टीम को ट्रॉफी, जर्सी एवं सत्तर हजार रुपये नकद पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए गए।

तृतीय स्थान पर रही यूसी तरतरा टीम को तीस हजार रुपये, वहीं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली विंग्स स्पोर्टिंग बंडामुंडा टीम को पच्चीस हजार रुपये नकद, ट्रॉफी एवं जर्सी देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज एवं बेस्ट गोलकीपर के पुरस्कार से नवाजा गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जगत माझी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि खेल के माध्यम से भी उज्ज्वल भविष्य और करियर बनाया जा सकता है।

जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजित यादव ने खेलों में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की भागीदारी को प्रेरणादायक बताया, वहीं बीडीओ शक्तिकुंज ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। समापन समारोह का संचालन अश्वनी बघेल, द्वारिका दास एवं डॉ. दिलीप महतो द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम में आयोजन समिति के सदस्य सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें