पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर बिस्टुपुर में बैंक कर्मियों का विशाल प्रदर्शन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : युनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर बुधवार को बिस्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क के समीप बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने एक विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की कथित मजदूर-विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और अपनी प्रमुख मांगों को मुखर रूप से रखा।

प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग सप्ताह में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को लागू करने से संबंधित थी। वक्ताओं ने कहा कि बैंक कर्मियों पर लगातार बढ़ते कार्यभार के बावजूद उनकी कार्य-स्थितियों में सुधार को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। नारेबाजी के पश्चात विभिन्न बैंक यूनियनों के नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए बताया कि इस मुद्दे को लेकर पिछले पांच से छह वर्षों से आंदोलन जारी है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष मार्च माह में एक दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया गया था, जिसे सेंट्रल लेबर कमिश्नर के हस्तक्षेप के बाद स्थगित रखा गया। इसके पश्चात इंडियन बैंकर्स एसोसिएशन (IBA) के साथ इस विषय पर सहमति भी बनी थी।

हालांकि वक्ताओं ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद मोदी सरकार के वित्त मंत्रालय के अधीन डीएफएस (Department of Financial Services) ने अब तक पांच दिवसीय बैंकिंग को लेकर अंतिम सहमति नहीं दी है, जबकि आरबीआई, नाबार्ड, जीवन बीमा निगम सहित अन्य वित्तीय संस्थानों में पहले से ही सप्ताह में पांच दिन कार्य प्रणाली लागू है।
सभा को कामरेड स्वपन आदक, सत्य प्रकाश एवं सुजय राय ने संबोधित किया। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.