गम्हरिया प्रखंड कार्यालय परिसर में बछड़े का कटा सिर मिलने से तनाव, विहिप ने जताया विरोध

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur  : क्रिसमस के दिन गम्हरिया प्रखंड कार्यालय परिसर में बछड़े का कटा सिर मिलने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जिला अध्यक्ष डॉ. जे. एन. दास के नेतृत्व में संगठन के दर्जनों कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कड़ा विरोध दर्ज कराया। प्रखंड कार्यालय परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

विहिप जिला अध्यक्ष डॉ. जे. एन. दास ने इस घटना को हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए कहा कि यह एक सुनियोजित साजिश प्रतीत होती है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने लापरवाही बरती तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचे। प्रशासन की निगरानी में बछड़े के कटे सिर को विधि-विधान के साथ दफन कराया गया, ताकि स्थिति को शांत किया जा सके। इस दौरान बीडीओ के चालक पर लोगों को गुमराह करने का आरोप भी लगाया गया, जिसे लेकर कुछ देर तक हंगामा होता रहा।
प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आसपास के इलाकों से जानकारी जुटाई जा रही है।

इस संबंध में गम्हरिया अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद प्रशासन और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, वहीं स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.