बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ बड़ाजामदा में उबाल

SHARE:

Guwa:बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे कथित अत्याचार के विरोध में गुरुवार शाम बड़ाजामदा बस स्टैंड पर जनाक्रोश फूट पड़ा। बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी, विश्व हिंदू परिषद एवं हिंदू समाज के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एक विशाल रैली निकालकर बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। रैली के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश के अंतरिम प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
रैली शाम करीब 5 बजे बड़ाजामदा बस स्टैंड से शुरू हुई, जो आसपास के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः बस स्टैंड पर पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने “हिंदुओं पर अत्याचार बंद करो”, “बांग्लादेश सरकार होश में आओ” जैसे नारे लगाते हुए अपना आक्रोश जाहिर किया। यह प्रदर्शन विशेष रूप से मयमन सिंह स्थित कपड़ा कारखाने में कार्यरत मजदूर दीपू चंद्र दास की निर्मम हत्या के विरोध में आयोजित किया गया।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है और वहां की सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। वक्ताओं ने कहा कि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बांग्लादेश सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन हालिया घटनाएं इसके उलट तस्वीर पेश कर रही हैं।
इस मौके पर पूर्व जिला पार्षद शंभू हाजरा, राहुल निषाद, कन्हैया साव, प्रफुल्ल महाकुड़, अनीश ठक्कर, आदित्य सिंह, राजा तिर्की, सोनू राम, दीपू पान सहित बड़ी संख्या में बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी, विश्व हिंदू परिषद और हिंदू समाज के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन पूरे इलाके में आक्रोशपूर्ण माहौल बना रहा।

Leave a Comment