Guwa:गुवा नगर के तीन प्रमुख चर्च—जीईएल चर्च, आरसी चर्च एवं सीएनआई चर्च—में प्रभु यीशु मसीह का जन्मोत्सव क्रिसमस पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में मसीही भाई-बहन अपने-अपने गिरजाघरों में एकत्र हुए और विशेष प्रार्थना सभाओं में भाग लेकर प्रभु यीशु की आराधना की।
सीएनआई चर्च में आयोजित विशेष उपासना कार्यक्रम की अगुवाई प्रचारक एडी कालुन्डिया ने की। उन्होंने बाइबल के वचनों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रभु यीशु का जन्म ईश्वरीय योजना के अंतर्गत हुआ, जिसका उद्देश्य संसार में शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश फैलाना था। उन्होंने कहा कि मसीही समाज प्रभु यीशु को उद्धारकर्ता और शांति के राजकुमार के रूप में स्वीकार करता है, जिनकी शिक्षाएं आज भी मानवता को सही दिशा दिखाती हैं।
क्रिसमस के अवसर पर क्रिश्चियन एसोसिएशन, गुवा द्वारा विभिन्न टोला और मोहल्लों में कैरोल गीत गाते हुए भ्रमण किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव और उमंग का माहौल बना रहा। लोगों ने एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम व सौहार्द का संदेश साझा किया।
वहीं सीएनआई चर्च परिसर में प्रभु यीशु के जन्मदिन के उपलक्ष्य में केक काटकर खुशी मनाई गई। इस अवसर पर मनोज कुमार बखला, आनंद मसीह पूर्ति, दाउद पूर्ति, मनोज सिंकु, करुणा पूर्ति, क्रिस्टीना पूर्ति, मरथा पूर्ति, सुनीता, मगदली, पंचम जॉर्ज सोय, मंगलदास पूर्ति, हरजीवन कश्यप, जेम्स मिंज, कुमुद पूर्ति, ललिता सुरीन, मरसा बागे, आमुस भुइयां, मार्शल लुगून, प्रदीप सुरीन, डेजी गोडार्ड सहित बड़ी संख्या में मसीही समुदाय के लोग उपस्थित थे।
क्रिसमस पर्व के इस आयोजन ने गुवा नगर में शांति, भाईचारे और प्रेम का संदेश फैलाते हुए सामाजिक सौहार्द को और मजबूत किया।









