राष्ट्रपति आगमन की तैयारी पर उठे सवाल, नगर निगम व औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों की बदहाली उजागर

SHARE:

Adityapur : आदित्यपुर में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन दिन-रात तैयारियों में जुटा हुआ है। सड़क किनारे बसे दुकानदारों को हटाया जा रहा है, पेड़ों की कटाई की गई है, स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया जा रहा है और प्रमुख मार्गों की त्वरित मरम्मत कराई जा रही है। हालांकि, इन तैयारियों के बीच नगर निगम क्षेत्र और औद्योगिक इलाके की जर्जर सड़कों को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता मनीष कुमार ने आकाशवाणी चौक से एनआईटी कॉलेज तक सड़क मरम्मत को लेकर जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि यह काम सराहनीय है, लेकिन नगर निगम क्षेत्र के कई हिस्सों में अब भी सड़क, नाली, सफाई और स्ट्रीट लाइट की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जिस तेजी से राष्ट्रपति आगमन को लेकर सड़कों का कायाकल्प किया जा रहा है, उसी तर्ज पर नगर निगम और औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों का भी स्थायी समाधान होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि सरायकेला-खरसावां जिला एशिया के बड़े औद्योगिक क्षेत्रों में गिना जाता है, इसके बावजूद आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें वर्षों से बदहाल स्थिति में हैं। इसका सीधा असर सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी और रोजगार के अवसरों पर भी पड़ रहा है।

वहीं, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के जिला अध्यक्ष अनिल पासवान ने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति का जिले में आगमन निश्चित रूप से गौरव का विषय है, लेकिन तैयारियों के नाम पर नगर निगम क्षेत्र के अन्य इलाकों की अनदेखी से आम जनता में निराशा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कहीं दुकानों को तोड़ा जा रहा है, कचरे के ढेर ढंके जा रहे हैं और लाइटें लगाई जा रही हैं, लेकिन आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग पर बिना पार्किंग के बड़े-बड़े भवनों के सामने सड़क पर खड़े वाहनों पर नगर निगम कार्रवाई करने में कोताही बरत रहा है।

अनिल पासवान ने कहा कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। सरकार और नगर निगम की अनदेखी के कारण रोजाना काम पर जाने वाले श्रमिक और कर्मचारी दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि राष्ट्रपति आगमन की तात्कालिक सजावट के बजाय क्षेत्र में स्थायी और समग्र विकास कार्यों पर भी ध्यान दिया जाए।

Leave a Comment