बड़ाजामदा में श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी के 138वें अविर्भाव दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक

SHARE:

Chaibasa:बड़ाजामदा स्थित सत्संग विहार बोकना में रविवार को श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी के 138वें अविर्भाव दिवस सह जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी आयोजन को श्रद्धा, अनुशासन और हर्षोल्लास के साथ मनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सत्संग विहार बोकना के प्रभारी सह ऋत्विक अमरनाथ ठाकुर ने श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी के जीवन-दर्शन और आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “मनुष्य का अंतिम गंतव्य ईश्वर प्राप्ति है। सत्संगी का जीवन यजन और याजन के मार्ग पर चलकर ही सार्थक होता है।”
ऋत्विक अमरनाथ ठाकुर ने कहा कि जो व्यक्ति ईश्वर के आदेशों का पालन करते हुए जनकल्याण के कार्यों में संलग्न रहता है, वही सच्चे अर्थों में ईश्वर से जुड़ा हुआ होता है। उन्होंने मानव जीवन की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि मानव शरीर अत्यंत सौभाग्य से प्राप्त होता है, इसलिए प्रत्येक मनुष्य को समाज और मानवता के हित में निरंतर कार्य करते रहना चाहिए।
बैठक में सर्वसम्मति से यह घोषणा की गई कि 18 जनवरी 2026 को श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी का 138वां अविर्भाव दिवस सह जन्मोत्सव पूरे श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को भव्य और अनुशासित स्वरूप देने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी सत्संगियों को सौंपी गईं।
बैठक के दौरान उपस्थित सत्संगियों में विशेष उत्साह और उल्लास देखने को मिला, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि इस पावन अवसर को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और समर्पण है।

Leave a Comment

और पढ़ें