पीएचईडी कैंपस के पीछे मार्ग पर देर रात भीषण सड़क दुर्घटना, दो कारों में जोरदार टक्कर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur:आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पीएचईडी कैंपस के पीछे वाले मार्ग पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार की आगे की पूरी बॉडी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि गनीमत रही कि दोनों कारों के चालक बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना रात करीब 10:30 बजे की है। एक कार शिव मंदिर की गली से निकलकर मुख्य मार्ग पर आ रही थी, जबकि दूसरी कार आकाशवाणी की ओर से आदित्यपुर-2 की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार में दोनों कारें आमने-सामने टकरा गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद दूसरी कार का चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्क स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया। कार और चालक को पकड़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच वाहन क्षति को लेकर रात करीब 12 बजे तक बहस चलती रही।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई कार एक भाजपा नेता की है। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने प्रशासन से इस सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था और गति नियंत्रण के उपाय करने की मांग की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.