चुनाशाह बाबा के 56वें उर्स-ए-मुबारक में उमड़ा आस्था का सैलाब, मंत्री दीपक बिरुआ हुए शामिल

SHARE:

Jamshedpur:बिस्टुपुर एन रोड स्थित झारखंड के मशहूर सूफी संत बादशाहे अब्दुल रहीम शाह उर्फ चूनाशाह बाबा के 56वें सालाना उर्स-ए-मुबारक का आयोजन शनिवार को पूरे श्रद्धा, सौहार्द और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन चूनाशाह बाबा युवक समिति के तत्वावधान में दरगाह परिसर में किया गया, जहां सुबह से देर रात तक आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
उर्स के अवसर पर बाबा की मजार पर विधिवत चादरपोशी की गई तथा मजार को आकर्षक डेकोरेशन से सजाया गया। आयोजन समिति के प्रवक्ता एवं वरीय अधिवक्ता शैलेन्द्र सिंह चंदेल ने बताया कि 20 दिसंबर 2025, शनिवार को प्रातः 8 बजे से कुरानखानी का आयोजन हुआ, जबकि दोपहर 3 बजे मजार पर चादरपोशी की रस्म अदा की गई।
शाम 6 बजे से आयोजित सर्वधर्म सभा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के परिवहन सह भू-राजस्व मंत्री दीपक बिरुआ उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व विधायक सह झामुमो प्रवक्ता कुणाल सारंगी, पोटका विधायक संजीव सरदार, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, दरगाह कमेटी के सचिव हाजी कुतुबुद्दीन, झामुमो नेता प्रमोद लाल, शेख बदरूद्दीन, समाजसेवी आस्तिक महतो, इंद्र देव प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों का फूलमाला एवं पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। उर्स के मौके पर सामाजिक सरोकार निभाते हुए सैकड़ों गरीब व जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण किया गया, वहीं दिनभर लंगर-ए-आम चलता रहा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रात्रि 9 बजे से आयोजित कव्वाली मुकाबला रहा, जिसमें वनाम नसीम जानी (नागपुर, महाराष्ट्र) एवं वाहिद चिस्ती (नागपुर, महाराष्ट्र) एंड पार्टी के बीच शानदार सूफियाना मुकाबला हुआ। देर रात तक चली कव्वाली ने समा बांध दिया और दर्शक झूमते नजर आए। कार्यक्रम को देखने के लिए दरगाह परिसर में अपार जनसमूह उमड़ पड़ा।
उर्स-ए-मुबारक का यह आयोजन आपसी भाईचारे, धार्मिक सौहार्द और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश देता नजर आया।

Leave a Comment