Chaibasa:रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा को सत्र 2026–27 के लिए नया नेतृत्व मिल गया है। क्लब के रोटरेक्टर विकाश गुप्ता को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने जाने के साथ ही संगठन में उत्साह और ऊर्जा का संचार देखा गया। अनुभवी नेतृत्व, अनुशासन और समाजसेवा के प्रति प्रतिबद्धता—इन तीनों का संगम क्लब को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की उम्मीद जगाता है।
अध्यक्ष चयन के अवसर पर क्लब द्वारा ऑफिशियल क्लब विजिट (OCV) कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में डिस्ट्रिक्ट रोटरैक्ट रिप्रेजेंटेटिव (DRR) रोटरेक्टर आरटीएन निकुंज बजोरिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। DRR बजोरिया ने क्लब की अब तक की गतिविधियों की सराहना करते हुए युवाओं को रोटरैक्ट के माध्यम से समाजसेवा से जोड़ने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष विकाश गुप्ता को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में अध्यक्ष विकाश गुप्ता ने क्लब सदस्यों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे टीमवर्क और समावेशी नेतृत्व के साथ रोटरैक्ट के उद्देश्यों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और युवा नेतृत्व विकास को प्राथमिकता देने की स्पष्ट रूपरेखा भी साझा की।
उल्लेखनीय है कि विकाश गुप्ता भारतीय नौसेना में सेवाएं दे चुके हैं। सैन्य जीवन से मिले अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भावना उनके व्यक्तित्व की पहचान रही है। वर्तमान में वे चाईबासा के एक प्रतिष्ठित व्यवसायी होने के साथ सक्रिय समाजसेवी भी हैं। उनके अनुभव और व्यावहारिक दृष्टिकोण से क्लब के कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में क्लब के वर्तमान अध्यक्ष रोटरेक्टर विनय लोधा, सचिव रोटरेक्टर केशव दोदराजका सहित सभी सदस्य मौजूद रहे। साथ ही वरिष्ठ रोटेरियन, पूर्व पदाधिकारी और अन्य अतिथियों ने भी सहभागिता कर विकाश गुप्ता को शुभकामनाएं दीं।
रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा ने भरोसा जताया कि सत्र 2026–27 में विकाश गुप्ता के नेतृत्व में क्लब सेवा कार्यों, सामाजिक सहभागिता और युवा नेतृत्व विकास के क्षेत्र में ठोस और प्रभावशाली पहल करेगा।









