राष्ट्रपति के आगमन से पहले अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़क पर आए दुकानदार

SHARE:

Adityapur:आगामी 29 दिसंबर को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मुख्य अतिथि के रूप में आगमन को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनज़र पान दुकान चौक से एनआईटी मोड़ तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।

हालांकि, इस अभियान ने सड़क किनारे वर्षों से दुकानदारी कर रहे दर्जनों छोटे दुकानदारों की रोजी-रोटी छीन ली। अचानक दुकान हटाए जाने से ठंड के इस मौसम में दुकानदारों और उनके परिवारों के सामने जीवन यापन का संकट खड़ा हो गया है।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सरायकेला जिला अध्यक्ष अनिल पासवान ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि

“दुकानदारों को हटाने से पहले कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई, जबकि कई लोग 20 से 25 वर्षों से इसी स्थान पर दुकान लगाकर परिवार चला रहे थे।”



उन्होंने बताया कि ठंड के कारण पहले से ही बिक्री प्रभावित है और अब दुकान हटने से खाने तक के लाले पड़ गए हैं।

अनिल पासवान ने आदित्यपुर नगर निगम पर भी निशाना साधते हुए कहा कि

“नगर निगम द्वारा कई बार वेंडिंग जोन बनाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन प्रशासक बदलते गए और आज तक दुकानदारों को कोई स्थायी जगह नहीं मिल पाई।”



उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि

प्रभावित दुकानदारों के लिए तत्काल वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए

वेंडिंग जोन के वादे को कागज से जमीन पर उतारा जाए


राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जरूरी हैं, लेकिन सवाल यह भी है कि व्यवस्था के नाम पर गरीबों की रोजी-रोटी कुचली जाए, क्या यही सुशासन है?

Leave a Comment