एसएसआईपी +2 उच्च विद्यालय के विद्यार्थियों का बैंक शैक्षणिक भ्रमण, मिली बैंकिंग कार्यप्रणाली की व्यावहारिक जानकारी

SHARE:

Chaibasa : मनोहरपुर स्थित एसएसआईपी +2 उच्च विद्यालय के व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत IT/ITeS विषय के छात्र-छात्राओं को एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक, मनोहरपुर ले जाया गया। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बैंकिंग व्यवस्था, उसकी कार्यप्रणाली तथा दैनिक बैंकिंग गतिविधियों की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना था।

बैंक भ्रमण के दौरान बैंक प्रबंधक दयानंद साहू एवं बैद्यनाथ तांती ने विद्यार्थियों को बैंक में संचालित विभिन्न सेवाओं, लेन-देन की प्रक्रिया, खाता संचालन, ऋण व्यवस्था सहित अन्य बैंकिंग कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने अधिकारियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना तथा बैंकिंग से संबंधित प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासा भी प्रकट की।

विद्यालय के व्यावसायिक प्रशिक्षक अर्जुन प्रधान ने बताया कि IT/ITeS जैसे व्यावसायिक विषयों में औद्योगिक एवं संस्थागत भ्रमण अत्यंत आवश्यक है, जिससे छात्र-छात्राएं विषय को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक रूप में समझ सकें और उनके कौशल का विकास हो।

इस अवसर पर विद्यालय के व्यावसायिक प्रशिक्षक अर्जुन प्रधान, लिपिक ज्योति एक्का सहित अन्य शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Leave a Comment