Jamshedpur : टाटा कंपनी के लीज नवीनीकरण से जुड़े मामलों में रैयतों, मूल निवासियों एवं विस्थापितों को अब तक न्याय नहीं मिलने के संदर्भ में झारखंड मूलवासी अधिकार मंच एवं टाटा विस्थापित संगठन के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने आज उपायुक्त, जमशेदपुर से उनके कार्यालय में मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने टाटा लीज नवीनीकरण से संबंधित कई गंभीर एवं संवेदनशील मुद्दों को विस्तारपूर्वक उपायुक्त के समक्ष रखा। इनमें वर्ष 2005 में हुए लीज नवीनीकरण के दौरान रैयतों के अधिकारों की अनदेखी, वास्तविक विस्थापितों को “झूठा विस्थापित” घोषित किए जाने, बिना वैध लीज एवं बिना विधिवत भूमि अधिग्रहण के रैयती भूमि पर कब्ज़ा, तथा न्यायालय में लंबित मामलों के बावजूद भूमि को लीज या सब-लीज पर दिए जाने जैसे विषय प्रमुख रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी अवगत कराया कि 21 फरवरी 2025 को रैयतों एवं विस्थापितों के अधिकारों को लेकर राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, झारखंड सरकार को ज्ञापन सौंपा गया था। उक्त ज्ञापन के आलोक में विभाग द्वारा 11 दिसंबर 2025 को उपायुक्त, जमशेदपुर को नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश जारी किया गया है।
उपायुक्त, जमशेदपुर के साथ इस विषय पर लंबी एवं गंभीर चर्चा हुई। उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि स्थायी समाधान के उद्देश्य से रैयतों एवं विस्थापितों के पास उपलब्ध सभी संबंधित कागजात, अभिलेख एवं दस्तावेज उपायुक्त कार्यालय में जमा कराए जाएँ, ताकि उनकी विधिवत जाँच कर ठोस समाधान निकालने का प्रयास किया जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पेसा कानून, CNT/SPT अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप ग्रामसभा की लिखित सहमति के बिना भूमि से संबंधित कोई भी निर्णय न लिया जाए, तथा टाटा लीज नवीनीकरण से जुड़ी किसी भी समिति या निर्णय प्रक्रिया में रैयतों एवं विस्थापितों को प्रतिनिधित्व दिया जाए।
इसके साथ ही यह भी मांग उठाई गई कि शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित पुराने तालाब, जलस्रोत एवं सामुदायिक संसाधनों को ग्रामसभा के अधीन सौंपा जाए तथा उन पर किसी भी प्रकार के निजी या कॉर्पोरेट कब्ज़े को समाप्त किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र ठोस, पारदर्शी एवं न्यायोचित कार्रवाई नहीं की गई, तो रैयतों, मूल निवासियों एवं विस्थापितों के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में हरमोहन महतो, दीपक रंजीत, कृष्णा लोहार, राइमूल, भारती रजक, निमाई गोप, राजन सिंह, मधुसूदन माझी, कांसी प्रधान, सूरज गौड़, गौर हेम्ब्रम, उत्पल महतो एवं अभिमन्यु गोप उपस्थित थे।









