बर्मामाइंस में जेएनएसी कर्मी के घर से स्कूटी चोरी करते युवक को रंगे हाथ पकड़ा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के डीपू बस्ती में रहने वाले जेएनएसी कर्मचारी पिंटू पात्रो के घर एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। इस बार परिवार के सदस्यों ने सतर्कता दिखाते हुए स्कूटी चोरी करते एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह इससे पहले भी उसी घर में चोरी कर चुका है।

घटना 16 दिसंबर की देर रात करीब 1.30 बजे की है। बताया जाता है कि आरोपी पिछले दरवाजे से घर में घुसा और आंगन में खड़ी स्कूटी को बाहर निकाल लिया। जैसे ही वह स्कूटी स्टार्ट करने लगा, घर के लोगों को भनक लग गई। शोर मचाते हुए परिजन बाहर निकले और युवक को खदेड़कर दबोच लिया। इसके बाद बर्मामाइंस पुलिस को सूचना देकर आरोपी को उनके हवाले कर दिया गया।

13 दिसंबर को भी की थी चोरी

पकड़े गए युवक ने अपना नाम अभिषेक कुमार बताया है, जो टेल्को थाना क्षेत्र के प्रेमनगर रोड नंबर-1 का रहने वाला है। उसने कबूल किया कि 13 दिसंबर की रात करीब 11.30 बजे वह पहली बार पिंटू पात्रो के घर में घुसा था। उस दौरान वह घर से 13 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन चोरी कर ले गया था।

तीसरी बार उसी घर में घुसा

परिवार के अनुसार यह तीसरी बार था जब चोर ने उसी घर को निशाना बनाया। पिंटू पात्रो की पत्नी राखी पात्रो ने बताया कि इससे पहले उनके घर से एक बाइक की भी चोरी हो चुकी है। उस समय पुलिस द्वारा वाहन मिलने की संभावना कम बताए जाने के कारण लिखित शिकायत नहीं की गई थी। अब परिवार को आशंका है कि उस बाइक चोरी की घटना में भी अभिषेक का ही हाथ हो सकता है।

साथी का भी खुलासा

पूछताछ के दौरान अभिषेक ने अपने एक साथी राहुल दास का नाम भी लिया है, जो बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के गांधी बस्ती का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संभावित संलिप्तता की पड़ताल में जुटी है।

17 दिसंबर को दी गई लिखित शिकायत

इस बार आरोपी के रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद पीड़ित परिवार ने 17 दिसंबर को बर्मामाइंस थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.