Chakradharpur:जवाहरलाल नेहरू कॉलेज, चक्रधरपुर में कुडमाली विभाग की पहल पर 19 दिसंबर को निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का विषय “पूस परब / टुसू पराबेक नेग दस्तूर कर गीत” निर्धारित किया गया है, जो क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं से जुड़ा हुआ है।
प्रतियोगिता पूर्वाह्न 10 बजे से 11 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें कॉलेज के विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को एक विशेष समारोह के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर कुडमाली विभाग की प्रो. मनसा महतो ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी लोकभाषा, संस्कृति और पारंपरिक पर्व-त्योहारों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के भीतर अपनी जड़ों को समझने और संजोने की भावना को मजबूत करते हैं।
कॉलेज प्रशासन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया है।









