Guwa:पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा क्षेत्र अंतर्गत गुवासाई गांव के सामुदायिक भवन में झारखंड प्रदेश यूथ इंटक की ओर से बुधवार को स्वागत सह मिलन समारोह एवं महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह ने बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं और मज़दूरों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सचिव सुरेश सवैया ने की।
अनुभवी राजनीतिक कार्यकर्ता की तरह ज़मीनी मुद्दों पर बेबाकी से बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह ने कहा कि गुवा क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोज़गार मिलना चाहिए। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि मज़दूर वर्ग के युवाओं को कौशल, प्रशिक्षण और अवसर देकर सशक्त किया जाए, तभी वे न सिर्फ अपने परिवार बल्कि देश के विकास में भी निर्णायक भूमिका निभा सकेंगे।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली, रोज़गार, स्वास्थ्य समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं की गंभीर समस्याओं को खुलकर रखा। ग्रामीणों की बातों को ध्यान से सुनते हुए सत्यम सिंह ने कहा कि गुवासाई गांव को सेल प्रबंधन द्वारा गोद लिए जाने के बावजूद आज भी कई मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जल्द ही गुवासाई गांव के ग्रामीणों के साथ एक विशाल बैठक आयोजित कर सभी समस्याओं को सूचीबद्ध किया जाएगा और इसके बाद सेल प्रबंधन से वार्ता कर समाधान की दिशा में ठोस पहल की जाएगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो यूथ इंटक चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होगी।
कार्यक्रम को प्रदेश सचिव सुरेश सवैया और गुवासाई ग्राम के सहायक मुंडा लंका पूर्ति ने भी संबोधित किया। दोनों नेताओं ने कहा कि संगठन ग्रामीणों और मज़दूरों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और रणनीतिक रूप से संघर्ष की तैयारी की जाएगी।
इस मौके पर मानकी सुरेश चाम्पिया, कांग्रेस युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सलीम कुरैशी, पंचायत समिति सदस्य भादो टोप्पो, विजय कुमार दास, प्रवीण नाग, भरत पूर्ति, मो. सोनू, संदीप होरो, जगदीश दास, दुबराज पूर्ति, गांव के देउरी सुशील पूर्ति, सहायक मुंडा लंका पूर्ति, दिलबर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम में स्वागत देउरी सुशील पूर्ति ने किया, जबकि मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन विजय कुमार दास ने किया। इसके अलावा झिंकपानी से बिपिन बिरुली एवं शशी मुंडा, खुटपानी से रेंगो पूर्ति एवं मांझी होनहांगा, मंझारी से संजीत बिरुवा, तांतनगर से रुपेश पूर्ति तथा चक्रधरपुर से नव प्रधान की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।









