गुवा में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ का मिलन समारोह सह वनभोज

SHARE:

Guwa:गुवा प्रखंड के ठाकुरा गांव स्थित कारो नदी तट पर रविवार को झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन की ओर से भव्य मिलन समारोह सह वनभोज का आयोजन किया गया। लेकिन यह आयोजन केवल आपसी मेल-मिलाप तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यहीं से सेल प्रबंधन के खिलाफ बड़े आंदोलन का औपचारिक ऐलान भी कर दिया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने तीखे शब्दों में कहा कि मजदूरों के शोषण को अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए अब निर्णायक लड़ाई की राह पर है और जरूरत पड़ी तो चारों खदानों को बंद कर यह दिखा दिया जाएगा कि “हम नहीं तो खदानें नहीं।”

रामा पांडे ने बताया कि पहले सेल में बहाली रोजगार एक्सचेंज और आरएमडी स्तर से होती थी, जिससे स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिलती थी। लेकिन बहाली प्रक्रिया को बोकारो स्तर पर स्थानांतरित किए जाने के बाद से स्थानीय मजदूरों का शोषण बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन बोकारो से सीधे मजदूरों की बहाली कर उन्हें गुवा, किरीबुरू, मेघाहातुबुरु और चिड़िया की खदानों में भेज रहा है, जिसे यूनियन किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने दो टूक कहा कि बहाली होगी तो सिर्फ स्थानीय युवाओं की ही होगी। इसके लिए रांची में पूर्ण रूप से सीएमएलओ कार्यालय शीघ्र खोलने की मांग की गई, ताकि खदान क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि “जल, जंगल और जमीन हमारी है, बाहर से आकर यहां नौकरी करना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” आवश्यकता पड़ी तो इस मुद्दे को राज्य सरकार के समक्ष भी मजबूती से उठाया जाएगा।

केंद्रीय अध्यक्ष ने यह भी घोषणा की कि चारों सेल खदानों की एक संयुक्त कमेटी बनाई जाएगी, जिसके माध्यम से सरकार और प्रबंधन से सीधा संवाद किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन केवल मिलन समारोह नहीं, बल्कि सेल प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन का शंखनाद है।

यूनियन की प्रमुख मांगों में —

फुलफेज में सीएमएलओ कार्यालय का निर्माण

खदानों में रोजगार में 85 प्रतिशत स्थानीयों को प्राथमिकता

बहाली प्रक्रिया सीएमएलओ स्तर से कराने

डीपीई गाइडलाइंस के तहत डीएएसए का 10 प्रतिशत भुगतान

39 माह का एरियर तत्काल भुगतान

खदान अस्पतालों में सुधार व चिकित्सकों की बहाली

एनजेसीएस में खदानों को स्वतंत्र स्थान

संयंत्र की योजनाएं खदानों पर न थोपने

सीएमएलओ का स्वतंत्र कार्यालय तत्काल शुरू कर खदान स्तर पर समस्याओं का समाधान
शामिल हैं।


कार्यक्रम में गुवा, किरीबुरू, मेघाहातुबुरु और चिड़िया सेल खदान के यूनियन पदाधिकारी एवं सैकड़ों की संख्या में ठेका मजदूर, सफाई कर्मी और आसपास के गांवों से आए ग्रामीण मौजूद रहे। प्रमुख रूप से केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़, राजेंद्र सिंधिया, गंगा ठाकुर, सुनील कुमार पासवान, सिकंदर पान, रोहित पांडे, चंद्रिका खंडाईत, किशोर सिंह, राजेश यादव सहित अन्य नेताओं ने कार्यक्रम को संबोधित किया।

Leave a Comment