गुवासाई गांव में यूथ इंटक की बैठक, बुनियादी सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

SHARE:

Guwa:गुवा प्रखंड अंतर्गत गुवासाई गांव में बुधवार को कांग्रेस यूथ इंटक की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर गंभीर चर्चा हुई। यह बैठक गुवासाई गांव के सामुदायिक भवन में संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता सारंडा पीढ़ मानकी सुरेश चाम्पिया ने की।

बैठक में यूथ इंटक, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह एवं प्रदेश सचिव सुरेश सवैयां विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ झिंकपानी से बिपिन बिरुली व शशी मुंडा, खुटपानी से रेंगो पूर्ति व मांझी होनहांगा, मंझारी से संजीत बिरुवा, तांतनगर से रुपेश पूर्ति तथा चक्रधरपुर से नव प्रधान ने भी बैठक में शिरकत की।

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल संकट, जर्जर सड़कें, अनियमित बिजली आपूर्ति, रोजगार की कमी, स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव सहित अन्य मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों का कहना था कि गुवासाई गांव को गुवा सेल प्रबंधन द्वारा गोद लिए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर हालात में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है।

ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए यूथ इंटक प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह ने कहा कि “सेल प्रबंधन द्वारा गोद लिए जाने के बाद भी यदि गांव की बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही ग्रामीणों के साथ एक विशाल बैठक कर सभी समस्याओं को सूचीबद्ध किया जाएगा और इन्हें लेकर सेल प्रबंधन से सीधी वार्ता की जाएगी।

सत्यम सिंह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो यूथ इंटक चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

कार्यक्रम को प्रदेश सचिव सुरेश सवैयां तथा गुवासाई ग्राम के सहायक मुंडा लंका पूर्ति ने भी संबोधित किया और समस्याओं के समाधान के लिए ठोस रणनीति बनाने पर जोर दिया।

बैठक में कांग्रेस युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सलीम कुरैशी, पंचायत समिति सदस्य भादो टोप्पो, विजय कुमार दास, प्रवीण नाग, भरत पूर्ति, मो. सोनू, संदीप होरो, जगदीश दास, दुबराज पूर्ति, गांव के देउरी सुशील पूर्ति, सहायक मुंडा लंका पूर्ति, दिलबर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत गांव के देउरी सुशील पूर्ति द्वारा स्वागत भाषण से हुई, जबकि विजय कुमार दास ने मंच संचालन करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

Leave a Comment