शादी का झांसा देकर नाबालिग से यौन शोषण, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया चाईबासा जेल

SHARE:

Guwa:शादी का झांसा देकर नाबालिग लड़की के साथ लंबे समय तक यौन शोषण करने के गंभीर मामले में गुवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में चाईबासा जेल भेज दिया है। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि गुवा थाना क्षेत्र के ठाकुरा गांव मुंडा टोली निवासी बांगो चाम्पिया द्वारा थाना में लिखित आवेदन दिया गया था। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी लगभग 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के डिपासाई गांव निवासी कृष्णा सिंकु (पिता–शंभू सिंकु, उम्र लगभग 20 वर्ष) ने शादी का झांसा देकर पिछले दो वर्षों से लगातार यौन शोषण किया।

मामले का खुलासा तब हुआ जब नाबालिग के गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। शिकायत मिलते ही गुवा थाना में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 65(1) तथा पोक्सो एक्ट की धारा 4/6 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस अधीक्षक चाईबासा के निर्देश पर किरीबुरू एसडीपीओ अजय कुमार केरकेट्टा के नेतृत्व में गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कृष्णा सिंकु को जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के डिपासाई गांव से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता को चिकित्सीय जांच के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेजा गया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Leave a Comment