राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन से पहले सख्त सुरक्षा और अतिक्रमण हटाओ अभियान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela:राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी 29 दिसंबर को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आगमन को लेकर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। राष्ट्रपति की सुरक्षा, आवागमन और कार्यक्रम की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

इसी कड़ी में मंगलवार की शाम ज़ियादा सभागार में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में विशेष रूप से आदित्यपुर स्थित शेरे पंजाब चौक, आकाशवाणी चौक से लेकर एनआईटी मेन गेट तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाने का सख्त निर्देश दिया गया। राष्ट्रपति के काफिले की निर्बाध आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस पूरे मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करने का आदेश नगर निगम को दिया गया है।

नगर निगम ने निर्देश के तुरंत बाद कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को निगम की निगरानी टीम ने संबंधित क्षेत्रों में माइकिंग कर दुकानदारों और अवैध कब्जाधारियों से स्वेच्छा से अपनी दुकानें, ठेले और सामान हटाने की अपील की। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यदि तय समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो बड़े पैमाने पर सख्त ‘अतिक्रमण हटाओ अभियान’ चलाया जाएगा।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को दीक्षांत समारोह से जुड़ी तैयारियां तय समय-सीमा में पूरी करने का निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और विधि-व्यवस्था हर स्तर पर चाक-चौबंद रहनी चाहिए।

जिले में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो चुकी हैं और आदित्यपुर से लेकर एनआईटी परिसर तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम युद्धस्तर पर जारी है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.