अवैध शराब के खिलाफ नीमडीह में बड़ी कार्रवाई, पाँच अड्डों का भंडाफोड़

SHARE:

Seraikela:सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के कारोबार पर करारा प्रहार किया है। उत्पाद अधीक्षक सौरभ तिवारी के नेतृत्व में नीमडीह थाना क्षेत्र के बाडेदा, डुमरहीह एवं सम्मानपुर गांवों में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाकर नशे से जुड़े अपराधों पर नियंत्रण स्थापित करना था।

छापेमारी के दौरान टीम ने गांवों में संचालित कुल पाँच अवैध शराब अड्डों का उद्भेदन किया। कार्रवाई के क्रम में अड्डों से शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों के साथ-साथ भारी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद की गई। मौके पर ही लगभग 1700 किलोग्राम जावा महुआ को विधिवत नष्ट किया गया, जबकि 100 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।

उत्पाद विभाग द्वारा संबंधित अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी के दौरान आरोपी फरार पाए गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

कार्रवाई के साथ-साथ टीम ने स्थानीय ग्रामीणों को अवैध शराब के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्यगत दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Comment