किसानों की उपज का सही दाम और समय पर भुगतान हेमंत सरकार की प्राथमिकता : संजीव सरदार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पोटका प्रखंड अंतर्गत खरियासाई ग्राम में मंगलवार को लैंप्स (LAMPS) केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। मौके पर पोटका के विधायक संजीव सरदार ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसानों की उपज का समय पर, पारदर्शी और उचित मूल्य पर भुगतान सुनिश्चित करना हेमंत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि लैंप्स केंद्र के संचालन से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने में सीधी सुविधा मिलेगी। अब किसानों को धान बेचने के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि वे अपने गांव के समीप ही केंद्र पर अपनी उपज बेच सकेंगे। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य प्राप्त होगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार किसानों के हित में लगातार ठोस और प्रभावी कदम उठा रही है। धान अधिप्राप्ति केंद्रों का विस्तार इसी दिशा में किया जा रहा है, ताकि किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके और खेती को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित किया जा सके।

उद्घाटन समारोह में पोटका अंचल अधिकारी निकिता बाला, पोटका प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा, झामुमो के नेता, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.