राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले आदित्यपुर की सफाई व्यवस्था चरमराई, सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल

SHARE:

Adityapur : आदित्यपुर में 29 दिसंबर को प्रस्तावित राष्ट्रपति के दीक्षांत समारोह से पहले ही नगर निगम की सफाई व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। आदित्यपुर नगर निगम के अंतर्गत कार्यरत सफाई कर्मी 16 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में सफाई कार्य ठप हो गया है। हड़ताल के कारण सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े-कचरे का अंबार लगने लगा है, जो जिला प्रशासन की तैयारियों पर भारी पड़ता नजर आ रहा है।

सफाई कर्मियों का आरोप है कि नगर निगम के तहत काम कर रही क्यूब वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने 15 दिसंबर तक बकाया वेतन और बोनस भुगतान का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन कंपनी ने इसे पूरा नहीं किया। मजदूरों के नेता ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि इस संबंध में 9 दिसंबर को श्रम अधीक्षक कार्यालय से भी लिखित आदेश जारी किया गया था। बावजूद इसके मजदूरों का बकाया भुगतान नहीं किया गया।

उन्होंने बताया कि अब इस मामले को लेकर कंपनी प्रबंधन और मजदूरों को एक बार फिर श्रम अधीक्षक कार्यालय में वार्ता के लिए बुलाया गया है, लेकिन जब तक बकाया भुगतान और अन्य मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, हड़ताल जारी रहेगी।

सफाई कर्मियों के आक्रोश का एक बड़ा कारण क्यूब वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी में कार्यरत मजदूर राजेश हेंब्रम की मौत भी है। बताया गया है कि काम के दौरान घायल होने के बाद उन्हें ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन ईएसआई बकाया न होने के कारण समुचित इलाज नहीं मिल सका, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित कर्मचारियों ने नगर निगम गेट पर प्रदर्शन करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी।

हड़ताल लंबी खिंचने की स्थिति में राष्ट्रपति के आगमन से पहले आदित्यपुर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो सकती है। स्थानीय निवासी और व्यापारी भी हालात को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि गंदगी और कूड़ा-कचरा तेजी से फैल रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान निकालने की मांग की है।

Leave a Comment