टेल्को वर्कर्स सोसाइटी में मजदूरों का आक्रोश, प्रबंधन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:टेल्को वर्कर्स सोसाइटी में सोमवार को मजदूरों का असंतोष खुलकर सामने आ गया, जब लंबित मांगों के समाधान में लगातार हो रही देरी के खिलाफ सोसाइटी गेट के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह आंदोलन कांग्रेस नेता आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर शामिल रहे।

मजदूरों का कहना है कि बढ़े हुए वेतनमान के अनुरूप भुगतान तो किया गया है, लेकिन इससे जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रबंधन अब तक गंभीर नहीं हुआ है। विशेष रूप से ड्यूटी समय में एकतरफा परिवर्तन, बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था और 60 वर्ष से अधिक आयु वाले कर्मियों के सेवानिवृत्ति उपरांत उनके परिजनों को नौकरी देने संबंधी पूर्व समझौते के पूर्ण पालन की मांग पर मजदूर अड़े हुए हैं।

प्रदर्शन के दौरान प्रबंधन की ओर से यह जानकारी दी गई कि सोसाइटी के सेक्रेटरी शोक-विवशता के कारण बैठक में उपस्थित नहीं हो सके। इस पर आनंद बिहारी दुबे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सेक्रेटरी की अनुपस्थिति में वार्ता का कोई औचित्य नहीं है। मजदूरों की सहमति से बैठक स्थगित करते हुए प्रबंधन को अगली वार्ता के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया गया।

श्री दुबे ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक ठोस वार्ता नहीं होती और सभी जायज मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक मजदूर पूर्व निर्धारित सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक के ड्यूटी समय पर ही कार्य करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि आंदोलन लंबा खिंचता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सोसाइटी प्रबंधन की होगी।

इस आंदोलन में सुशील कुमार घोष, धीरज कुमार, त्रिनाथ, निखिल तिवारी, सनी सिंह सहित अनेक मजदूर सक्रिय रूप से शामिल रहे। मजदूरों ने एक स्वर में कहा कि वे अधिकारों की लड़ाई में पीछे हटने वाले नहीं हैं और आवश्यकता पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें