Jamshedpur:केरल समाजम मॉडल स्कूल के लिए यह गर्व का क्षण है जब विद्यालय के मेधावी छात्र शुभ अग्रहरी ने ताइक्वांडो में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कक्षा 10 ‘ई’ के छात्र शुभ ने विभिन्न प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल विद्यालय बल्कि जमशेदपुर का नाम भी रोशन किया है।
हाल ही में ईटानगर (अरुणाचल प्रदेश) में आयोजित 69वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शुभ अग्रहरी ने सीआईएससीई का प्रतिनिधित्व करते हुए दमदार खेल का प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया। उनकी फुर्ती, तकनीकी कौशल और आत्मविश्वास ने दर्शकों और निर्णायकों को समान रूप से प्रभावित किया।
शुभ की सफलता यहीं नहीं रुकी। वर्ष 2025 में उन्होंने अपनी विजय यात्रा को और मजबूत करते हुए तमिलनाडु में आयोजित सीआईएससीई राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक, देवघर-मधुपुर में स्वर्ण पदक तथा टेल्को एलएफएस में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी निरंतरता और उत्कृष्टता का परिचय दिया।
जोनल, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर शुभ का यह निरंतर प्रदर्शन उनके अनुशासन, समर्पण और खेल के प्रति जुनून का सशक्त प्रमाण है। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री नंदिनी शुक्ला ने शुभ अग्रहरी को उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि ऐसे छात्र पूरे विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणा होते हैं।
केरल समाजम मॉडल स्कूल का प्रबंधन शुभ अग्रहरी की इस उल्लेखनीय सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देता है।









