Seraikela:सरायकेला–खरसावाँ जिले में किसानों के लिए राहत भरी खबर है। 15 दिसंबर 2025 से जिले में धान अधिप्राप्ति केंद्रों के माध्यम से सरकारी खरीद की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। जिले के कुल 27 धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर धान की खरीद सुचारु रूप से जारी है।
चांडिल प्रखंड अंतर्गत भाडूडीह लैंप्स लिमिटेड में आयोजित कार्यक्रम में माननीया विधायक सविता महतो ने धान अधिप्राप्ति केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में पर्याप्त संख्या में अधिप्राप्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, ताकि उन्हें धान विक्रय के लिए दूर-दराज भटकना न पड़े।
विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों द्वारा बेचे गए धान का भुगतान समय पर और पूरी तरह पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे नजदीकी सरकारी लैंप्स और अधिप्राप्ति केंद्रों पर ही धान बेचें तथा किसी भी प्रकार के बिचौलियों के झांसे में न आएं।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, पहले ही दिन जिले के विभिन्न केंद्रों पर कुल 343.48 क्विंटल धान की खरीद की गई। शेष 26 धान अधिप्राप्ति केंद्रों का उद्घाटन भी जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
सरकार द्वारा इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2450 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जिस दर पर किसानों से धान खरीदा जा रहा है। उपायुक्त ने भी किसानों से अपील की है कि वे केवल सरकारी लैंप्स और अधिकृत अधिप्राप्ति केंद्रों पर ही धान विक्रय करें, ताकि उन्हें उनकी उपज का पूरा और उचित मूल्य मिल सके।
धान अधिप्राप्ति की शुरुआत से जिले के किसानों में उत्साह का माहौल है और आने वाले दिनों में धान विक्रय में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।









