राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 दिसंबर को NIT जमशेदपुर दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल, प्रशासन अलर्ट मोड में

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur:आदित्यपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर का 15वां दीक्षांत समारोह इस बार ऐतिहासिक बनने जा रहा है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी 29 दिसंबर को मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और हर स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई और प्रोटोकॉल से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को उपायुक्त नितीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत समेत तमाम वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों ने NIT परिसर का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, प्रवेश-निकास मार्ग, मंच व्यवस्था और सुरक्षा घेराबंदी का जायजा लेते हुए संस्थान प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

करीब एक घंटे तक NIT परिसर में रहेंगी राष्ट्रपति

NIT जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने बताया कि राष्ट्रपति का कार्यक्रम लगभग एक घंटे का होगा। इस दौरान वह दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी और बीटेक व एमटेक की एक-एक छात्रा को गोल्ड मेडल प्रदान करेंगी। समारोह में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री सहित कई विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।
दीक्षांत समारोह के दौरान करीब 1000 छात्र-छात्राओं को उनकी उपाधियां प्रदान की जाएंगी।

दो अहम कार्यक्रमों में लेंगी भाग

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 29 दिसंबर के दौरे में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम निर्धारित हैं। NIT दीक्षांत समारोह से पहले वह सुबह करनडीह स्थित दिशोम जाहेर परिसर में ‘ओल चिकी लिपि के 100 वर्ष’ पूरे होने के अवसर पर आयोजित सेमिनार के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए हैं। कार्यक्रम स्थलों के साथ-साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर भी विशेष निगरानी और ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। प्रशासनिक अमला किसी भी स्तर पर चूक न हो, इसके लिए लगातार निगरानी और समन्वय में जुटा हुआ है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें