Adityapur:आदित्यपुर थाना रोड आज स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए एक बड़ी परेशानी बन चुकी है। सड़क पर सब्जी विक्रेताओं द्वारा अवैध रूप से दुकानें लगाए जाने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। स्थिति यह है कि वार्ड 20 स्थित सरकारी कार्यालयों में कार्यरत कर्मियों को समय पर कार्यालय पहुंचना मुश्किल हो गया है, वहीं आम नागरिकों का दैनिक आवागमन भी बाधित हो रहा है।
सड़क पर सब्जी बाजार, यातायात बेहाल
सब्जी विक्रेताओं ने सड़क को ही अपना बाजार बना लिया है। नतीजतन, आदित्यपुर थाना का मुख्य द्वार भी अतिक्रमण की चपेट में है। शेरे पंजाब से आदित्यपुर थाना तक का सफर, जो सामान्य तौर पर महज 2 मिनट में तय हो जाता था, अब 15 से 20 मिनट में पूरा हो रहा है। सुबह-शाम जाम की स्थिति आम हो चुकी है।
पहले हुई थी कार्रवाई, फिर क्यों लौट आया अतिक्रमण?
स्थानीय नागरिक बताते हैं कि पूर्व में नगर निगम ने शेरे पंजाब से आदित्यपुर थाना तक अतिक्रमण हटाया था। उस दौरान उपनगर आयुक्त पारुल सिंह से दुकानदारों ने आश्वासन दिया था कि थाना तक सड़क पर दुकानें नहीं लगेंगी। बावजूद इसके, कुछ ही समय बाद हालात फिर पुराने हो गए। स्थानीय थाना और यातायात पुलिस की कथित अनदेखी से अतिक्रमण दोबारा पैर पसार चुका है।
थाना प्रभारी का बयान
इस संबंध में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि समस्या को लेकर दो बार पत्राचार किया गया है और चालान भी काटे जा रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि “यह मेरे विभाग का काम नहीं है।”
यह बयान कई सवाल खड़े करता है—जब पहले दुकानें नहीं लग रही थीं, तो अब फिर कैसे लग गईं? और स्थानीय थाना ने स्थायी रोक क्यों नहीं लगवाई?
नागरिकों की दो टूक मांग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि आदित्यपुर थाना रोड को तत्काल अतिक्रमण मुक्त किया जाए। सड़क पर लगने वाली सब्जी दुकानों को हटाकर वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि यातायात सुचारु हो सके और आम जनता को राहत मिले।
समाधान क्या हो?
सड़क पर अवैध रूप से लगने वाली सब्जी दुकानों को तत्काल हटाया जाए।
थाना रोड पर ट्रैफिक प्लान लागू कर स्थायी निगरानी की जाए।
विक्रेताओं को वैकल्पिक वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया जाए।
नगर निगम, पुलिस और यातायात विभाग की संयुक्त टीम नियमित कार्रवाई करे।
जब तक प्रशासन ठोस कदम नहीं उठाता, तब तक आदित्यपुर थाना रोड पर जाम और अव्यवस्था यूं ही जनता की परेशानी बढ़ाती रहेगी।









