Seraikela:सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत के निर्देश पर चौका थाना पुलिस ने मतकमडीह पंचायत अंतर्गत ग्राम बांसडुंगरी में संचालित अवैध शराब भट्टी पर छापामारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली देखी जा रही है।
गोपनीय सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी का नेतृत्व चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार ने किया। पुलिस टीम ने मौके से करीब 50 किलोग्राम अवैध जावा महुआ को विनष्ट किया, साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त बर्तन, ड्रम, पाइपलाइन सहित अन्य उपकरणों को जप्त किया गया। पुलिस की कार्रवाई पूरी तरह योजनाबद्ध और सतर्कता के साथ की गई, जिससे भट्टी संचालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
थाना प्रभारी सोनू कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध शराब कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस धंधे में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से अपील की कि वे अवैध शराब निर्माण या बिक्री से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं।
इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र के लोगों में संतोष और खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब के कारण सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा था, जिस पर पुलिस की यह पहल सराहनीय है। पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने भी चौका थाना पुलिस की कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और शराब माफियाओं को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
चौका थाना पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि पुलिस पूरी तरह सक्रिय है और अवैध कारोबार करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उम्मीद की जा रही है कि इससे न केवल अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगेगा, बल्कि क्षेत्र में अपराध और नशे की प्रवृत्ति में भी कमी आएगी।









