सोनारी आदर्श सहकारी गृह निर्माण समिति में पहली बार निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 300 से अधिक सदस्यों ने कराया परीक्षण

SHARE:

Jamshedpur : सोनारी आदर्श सहकारी गृह निर्माण समिति लिमिटेड के नवनिर्वाचित निदेशक मंडल की पहल पर रविवार को समिति के सदस्यों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सोनारी स्थित आदर्श नगर कार्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जो नई निदेशक मंडली के गठन के बाद पहली बार इस तरह का जनहितकारी प्रयास रहा। शिविर में बड़ी संख्या में समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

स्वास्थ्य जांच शिविर में ब्रह्मानंद अस्पताल एवं पूर्णिमा नेत्रालय के अनुभवी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने बीपी, शुगर, ईसीजी, नेत्र जांच सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किए। शिविर में 300 से अधिक लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श प्राप्त किया।

इस अवसर पर समिति के चेयरमैन धनंजय डे ने कहा कि सोनारी आदर्श सहकारी गृह निर्माण समिति की नई निदेशक मंडली सभी सदस्यों तक हर संभव सुविधा और सहायता पहुंचाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा पहली बार इस तरह का निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया है, ताकि सदस्य अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सकें और बीमारियों की समय रहते पहचान हो सके।

समिति के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर आशिम कुमार स्वैन ने कहा कि स्वस्थ सदस्य ही एक मजबूत और सशक्त समाज की नींव होते हैं। इसी उद्देश्य से समिति भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी। उन्होंने बताया कि समिति बुनियादी सुविधाओं और सदस्य कल्याण को लेकर लगातार प्रयासरत है।

रविवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन से समिति के सदस्यों में खासा उत्साह देखा गया। सदस्यों ने निदेशक मंडली की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों की ओर से चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

इस मौके पर समिति के चेयरमैन धनंजय डे, चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर आशिम कुमार स्वैन सहित निदेशक मंडल के सदस्य ए.के. चौधरी, समसुल हुसैन, श्रीमती महेश्वरी दुबे, डॉ. एस. मिश्रा, श्रीमती वेरोनिका तिर्की, श्रीमती स्मिता दलाई, अलेयम्मा एंथनी, नरपति गगराई, श्रीमती सुष्मिता स्वैन, समरेश दास समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारियों ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

Leave a Comment