सारंडा में आईईडी विस्फोट, कोबरा 209 का जवान गंभीर रूप से घायल

SHARE:

Chaibasa : नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल क्षेत्र में नक्सली हिंसा की एक और घटना सामने आई है। सारंडा के घने जंगलों में बलिबा के समीप नक्सलियों द्वारा पूर्व में बिछाए गए आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) में विस्फोट हो गया। इस हादसे में कोबरा बटालियन 209 के जवान अलख दास गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बल इलाके में नियमित सर्च ऑपरेशन चला रहे थे, इसी दौरान अचानक आईईडी विस्फोट हुआ। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सुरक्षा बलों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी।

उल्लेखनीय है कि पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा, कोल्हान समेत आसपास के वन क्षेत्रों में लंबे समय से केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों द्वारा संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। लगातार दबाव बढ़ने से नक्सली संगठन बौखलाए हुए हैं और पुराने व नए आईईडी के जरिए सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।


नक्सलियों द्वारा बीते वर्षों में जंगलों और पहाड़ी इलाकों में लगाए गए आईईडी आज भी सुरक्षा बलों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। इन विस्फोटकों की चपेट में आकर अब तक कई जवानों और निर्दोष ग्रामीणों की जान जा चुकी है, जिससे पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना रहता है।

घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया है। इधर, सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ाते हुए सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया है। साथ ही, संभावित खतरों को देखते हुए आईईडी सर्च एवं डिफ्यूज अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और नक्सलियों की साजिशों को समय रहते नाकाम किया जा सके।

Leave a Comment