Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए झारखंड सरकार से मांग की है कि मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव से पहले SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया को तत्काल लागू किया जाए। उनका कहना है कि निर्वाचक सूची में बढ़ती त्रुटियों को दूर किए बिना चुनाव कराना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ अन्याय होगा।
आजसू पार्टी ने कहा कि शहरों में जनसंख्या विस्थापन, प्रवास और वार्ड विस्तार के कारण मतदाता सूची में कई विसंगतियाँ सामने आई हैं। ऐसे में SIR प्रक्रिया के तहत—
फर्जी नामों की पहचान
दोहराव हटाना
मृत मतदाताओं के नाम विलोपित करना
नए एवं योग्य मतदाताओं का नामांकन
जैसे महत्वपूर्ण कार्य तत्काल आवश्यक हो गए हैं।
कन्हैया सिंह ने कहा यदि मतदाता सूची अद्यतन और शुद्ध नहीं होगी तो आगामी नगर निकाय चुनाव जनहित के खिलाफ सिद्ध होंगे। सरकार जल्द से जल्द निर्देश जारी करे और सभी नगर निकाय क्षेत्रों में SIR प्रक्रिया शुरू कराए।
आजसू पार्टी ने निर्वाचन आयोग से भी आग्रह किया है कि विशेष पुनरीक्षण कार्य की कड़ी मॉनिटरिंग की जाए, ताकि आगामी चुनाव पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के साथ सम्पन्न हो सकें। पार्टी की ओर से बताया गया कि वे शीघ्र ही उपायुक्त के माध्यम से चुनाव आयोग, रांची को औपचारिक रूप से पत्र भेजकर पूरे मामले से अवगत कराएँगे और आवश्यक कार्रवाई की मांग करेंगे।









