टेल्को कोऑपरेटिव सोसायटी में लंबित मामलों को लेकर कांग्रेस का अल्टीमेटम, 15 दिसंबर तक निपटारा नहीं हुआ तो 16 को घेराव

SHARE:

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष आनंद बिहारी दूबे ने टेल्को कोऑपरेटिव सोसायटी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़ा अल्टीमेटम जारी करते हुए कहा है कि वर्ष 2018 से लंबित अनुमोदन-संबंधी फाइलों सहित कामगारों के हित से जुड़े सभी अधिकारों और आवश्यक कागजातों का निपटारा 15 दिसंबर 2025 तक हर हाल में किया जाए।

श्री दूबे ने आरोप लगाया कि लगातार बातचीत, स्मरण-पत्र और अनुस्मारक देने के बावजूद न तो कोई ठोस कार्रवाई हुई और न ही सोसायटी प्रबंधन की ओर से अद्यतन जानकारी साझा की गई। उन्होंने यह भी कहा कि महीने का वेतन, जो हर माह की 2 तारीख तक भुगतान हो जाना चाहिए, वह अब तक नहीं मिला है। इससे कर्मचारियों में व्यापक आक्रोश है और नाराज़गी तेजी से बढ़ रही है।

दूबे ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा तक लंबित फाइलों का निष्पादन, आदेशों की प्रतिलिपि उपलब्ध कराने और संबंधित आवेदकों को विधिवत सूचना देने की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई, तो 16 दिसंबर 2025 को टेल्को कोऑपरेटिव सोसायटी कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन और घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन की अगली रणनीति चरणबद्ध होगी और जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन धरना और घेराव भी किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सोसायटी प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों की होगी।

आज आयोजित एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन में आनंद बिहारी दूबे के साथ सामंतो कुमार, धीरज कुमार सिंह, त्रिनाथ, सुशील घोष, अभिनीत कुमार यादव, सन्नी कुमार सिंह, निखिल तिवारी, रोहन कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और सैकड़ों कामगार शामिल हुए।
दूबे ने आम नागरिकों और कामगारों से अपील की है कि 16 दिसंबर को प्रस्तावित आंदोलन में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि कामगारों के अधिकारों पर हो रहे अन्याय के खिलाफ संयुक्त आवाज़ बुलंद की जा सके।

Leave a Comment