रापचा मोड़ पर भीषण सड़क हादसा, एलटी 407 चालक गंभीर रूप से घायल

SHARE:

Seraikela:सरायकेला-खरसावां जिला के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित रापचा मोड़ पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पावर ग्रिड के ठीक सामने बालू लदे हाइवा और एलटी 407 के बीच जोरदार टक्कर से अफरातफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बालू से भरा हाइवा (JH01CG-7689) मुख्य सड़क से अचानक बाईं ओर सर्विस रोड की तरफ मुड़ा। उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एलटी 407 (JH05 BT-4443) सीधे हाइवा के पिछले हिस्से से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि एलटी 407 का चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मदद के लिए जुट गए और काफी प्रयासों के बाद चालक को बाहर निकाला। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) भेजा गया।

हादसे की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मोड़ पर अक्सर भारी वाहन सर्विस रोड की ओर अचानक मुड़ जाते हैं, जिसके कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

Leave a Comment