जमशेदपुर पूर्वी विधायक ने टाटा कमांड क्षेत्र की बंद रजिस्ट्री का मुद्दा विधानसभा में उठाया, विजय आनंद मूनका ने जताया आभार

SHARE:

Jamshedpur : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FJCCI) के कोल्हान क्षेत्र के उपाध्यक्ष एवं सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के निवर्तमान अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने जमशेदपुर पूर्व की विधायक श्रीमती पूर्णिमा दास साहू के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की है।

मूनका ने कहा कि टाटा अधिग्रहीत क्षेत्र में वर्षों से बंद पड़ी रजिस्ट्री के महत्वपूर्ण मुद्दे को विधायक ने झारखंड विधानसभा में मजबूती से उठाकर शहर के हजारों नागरिकों और व्यवसायियों की चिंता को सही मंच पर आवाज दी है। उन्होंने बताया कि पिछले 8–9 वर्षों से रजिस्ट्री पूरी तरह से बंद है, जबकि इससे पहले लगभग 80–90 वर्षों तक यह प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के सुचारू रूप से चलती रही थी।

विजय आनंद मूनका ने कहा कि अचानक बिना किसी स्पष्ट कारण और पूर्व सूचना के रजिस्ट्री रोक दिए जाने से न केवल राज्य की राजस्व वसूली में कमी आई है, बल्कि संपत्तिधारकों में स्वामित्व को लेकर गंभीर असुरक्षा और अनिश्चितता भी उत्पन्न हुई है। इस स्थिति ने जमशेदपुर की विकास गति, निवेश माहौल और टाउनशिप के समग्र उन्नयन को भी प्रभावित किया है।

उन्होंने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विधानसभा में इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाने से समाधान की उम्मीद मजबूत हुई है। मूनका ने आशा व्यक्त की कि राज्य सरकार शीघ्र ही आवश्यक कदम उठाकर रजिस्ट्री प्रक्रिया को पुनः प्रारंभ करेगी, ताकि नागरिकों और व्यवसायियों को लंबे समय से मिल रही परेशानी से राहत मिल सके और शहर का विकास मार्ग सुचारू रूप से जारी रह सके।

Leave a Comment