साहिबगंज: उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश पर शनिवार को जिला स्तरीय तकनीकी समिति द्वारा समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना, लालमाटी प्रखंड राजमहल प्रक्षेत्र का भ्रमण किया गया। जहां भ्रमण के क्रम में तकनीकी समिति के सदस्यों ने प्रक्षेत्र की एक एक गतिविधि का स्थल पर जाकर अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश एवं सुझाव प्रदान किए। उधर समिति द्वारा कृषक पाठशाला अंतर्गत निर्मित एवं निर्माणाधीन गार्ड रूम, प्रशिक्षण भवन, कोल्ड स्टोरेज, पैक हाउस, शेड इत्यादि सिविल संरचनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया। वही पशुधन विकास के अंतर्गत शुकर पालन शेड, गो पालन शेड, मुर्गी पालन शेड, बकरी पालन शेड तथा मत्स्य पालन हेतु निर्मित तालाबों का भी निरीक्षण किया गया। जहां जिला पशुपालन पदाधिकारी द्वारा कार्यकारी एजेंसी को पशुधन संसाधनों के बेहतर प्रबंधन हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। वहीं, जिला मत्स्य पदाधिकारी द्वारा क्षेत्र में अवस्थित तीन तालाबों के सदुपयोग पर प्रकाश डालते हुए कार्यकारी एजेंसी को निर्देश दिया गया कि तालाबों में कॉमन कार्प, रेहू, कतला एवं मृगाल जैसी विभिन्न प्रजातियों की मछलियों का पालन सुनिश्चित किया जाए। वही जिला उद्यान पदाधिकारी द्वारा क्षेत्र में लगे आम, अमरूद, नींबू एवं केला की बागवानी का निरीक्षण कर तकनीकी सुझाव प्रदान किए गए। उधर जिला कृषि पदाधिकारी के नेतृत्व में समिति की टीम ने पूरे प्रक्षेत्र का निरीक्षण किया तथा निर्देश दिया कि आगामी 15 दिनों में तकनीकी समिति द्वारा दिए गए सभी सुझावों एवं निर्देशों पर अमल सुनिश्चित किया जाए ताकि जिले के कृषक आगामी समय में इन गतिविधियों से अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।
वही कार्यकारी एजेंसी को निर्देश दिया गया कि 17 एकड़ भूमि में उच्च मूल्य वाले फसलों एवं फलदार पौधों की खेती प्रारंभ की जाए तथा निर्मित सभी पशुधन संसाधन संरचनाओं में पशुपालन कार्य शीघ्र आरंभ किया जाए। जहां समिति ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी सुधारात्मक कार्य 15 दिनों के भीतर पूर्ण कर लिए जाएं, क्योंकि शीघ्र ही जिला स्तरीय उच्च अधिकारियों की टीम पुनः प्रक्षेत्र का भ्रमण करेगी। इस भ्रमण के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रक्षेत्र कर्मी तथा कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।









