Jamshedpur : घाटशिला में आयोजित एक प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष श्री बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह सरकार झारखंड को “अबुआ” (अपना) कहती है, लेकिन वास्तव में यह “ठगुवा सरकार” है जिसने आदिवासियों, युवाओं और पूरे राज्य को ठगा है।
मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार ने पिछले छह वर्षों में झारखंड को विकास की राह पर आगे नहीं बढ़ाया, बल्कि 25 वर्ष पीछे धकेल दिया है। यह सरकार पूरी तरह आदिवासी विरोधी, विकास विरोधी और जनविरोधी बन चुकी है।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर हमला — “इलाज के नाम पर मौत परोसी जा रही है”
मरांडी ने चाईबासा सदर अस्पताल की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि थैलसीमिया से पीड़ित पांच आदिवासी बच्चों को एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाया गया, जो राज्य सरकार की घोर लापरवाही और असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि “इलाज के नाम पर मौत परोसी जा रही है, लेकिन सरकार केवल निलंबन कर मामले को दबाने में लगी है।” मुख्यमंत्री मौन हैं और स्वास्थ्य मंत्री विपक्ष पर दोष मढ़ रहे हैं।
आदिवासी विरोधी नीतियां और बढ़ता अपराध
मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार की शुरुआत ही आदिवासियों की हत्या से हुई। 2020 में चाईबासा में सात आदिवासियों की हत्या हुई थी और हाल ही में सिद्धू-कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू की हत्या भी इसी सरकार की नाकामी का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि सरकार के संरक्षण में माफिया और घुसपैठिए आदिवासियों की जमीन लूट रहे हैं, जबकि महिलाएं असुरक्षित हैं और पेंशन, छात्रवृत्ति, रोजगार योजनाएं ठप हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पेसा कानून लागू न कर सरकार ने आदिवासियों के अधिकारों का गला घोंट दिया है।
लूट, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था चरम पर
भाजपा नेता ने कहा कि “आज झारखंड में ब्लॉक और थाना स्तर पर वसूली ही सरकार का सिस्टम बन गया है। जनता परेशान है, विकास के सारे कार्य ठप हैं, अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी है।”
उन्होंने जनता से अपील की कि भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को विजयी बनाएं ताकि राज्य को “लूट और भ्रष्टाचार से मुक्ति” मिल सके।
घुसपैठ पर गंभीर आरोप — “राज्य की डेमोग्राफी बदलने की साजिश”
मरांडी ने दावा किया कि हेमंत सरकार फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनवाकर वोट बैंक तैयार कर रही है।
उन्होंने कहा, “सरकार अपने राजनीतिक लाभ के लिए झारखंड की सामाजिक संरचना बदलने की साजिश कर रही है।”
मरांडी के अनुसार, घाटशिला जैसे आरक्षित क्षेत्र में मुस्लिम आबादी की वृद्धि दर पांच वर्षों में 29.4% रही है, जबकि सामान्य वर्ग की वृद्धि दर सिर्फ 3% रही।
उन्होंने बताया कि हेंदलजुड़ी पंचायत में 174 मुस्लिम महिलाओं को मंईयां योजना की राशि दी गई, जबकि वहां एक भी मुस्लिम परिवार नहीं है।
मरांडी ने आरोप लगाया कि घुसपैठियों को राशन कार्ड, आधार कार्ड और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है — “यह झारखंड की अस्मिता और सम्मान पर हमला है।”
“अब जनता को वोट से चोट देना होगा”
मरांडी ने कहा, “अगर जनता ने इस सरकार को सबक नहीं सिखाया तो यह झारखंड की अस्मिता और सम्मान को बेच देगी।”
उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए ही राज्य को भ्रष्टाचार, माफियाओं और घुसपैठियों से मुक्त करा सकते हैं। प्रेस वार्ता में चुनाव प्रभारी अभय सिंह, जिलाध्यक्ष चंडीचरण साव, अशोक बड़ाईक, सुजन मन्ना सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।









