Adityapur : गम्हरिया प्रखंड कार्यालय में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) सुब्रता महतो की अध्यक्षता में गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में प्रखंड क्षेत्र के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना और स्कूल छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना था।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुब्रता महतो ने कहा कि शिक्षा विभाग की प्राथमिकता है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसके लिए शिक्षकों को गांव-गांव जाकर अभिभावकों से संवाद स्थापित करना होगा ताकि अधिक से अधिक बच्चे विद्यालयों से जुड़ सकें।”
उन्होंने शिक्षकों को मिशन मोड में काम करने का निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को विद्यालय में बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है।
सुब्रता महतो ने बताया कि आकांक्षी गम्हरिया प्रखंड में प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों की टीमों द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों की उपस्थिति सुधारने के लिए विशेष रणनीति तैयार की जा रही है।
गोष्ठी के अंत में सभी शिक्षकों को विद्यालयों में अनुशासन, समयपालन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।









