Chaibasha : टाटा स्टील ने जोड़ा रन-ए-थॉन के दूसरे संस्करण की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस वर्ष कार्यक्रम का विषय है — “हरित कल के लिए हर कदम”, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाना है।
टाटा स्टील के अयस्क खदान एवं खदान (ओएमक्यू) डिवीजन द्वारा आयोजित यह रन-ए-थॉन आगामी 23 नवंबर 2025 को ओडिशा के क्योंझर जिले के वैली टाउन जोड़ा में आयोजित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 6:00 बजे सेंट्रल प्लेग्राउंड, जोड़ा से किया जाएगा।

इस वर्ष की दौड़ में तीन प्रतिस्पर्धी श्रेणियां रखी गई हैं — 10 किलोमीटर और 7 किलोमीटर (पुरुष एवं महिला वर्ग), 5 किलोमीटर (लड़के और लड़कियां) तथा 2 किलोमीटर (PwDs) की एक गैर-प्रतिस्पर्धी श्रेणी। कुल ₹5.67 लाख की पुरस्कार राशि और प्रत्येक प्रतिभागी के नाम पर एक पौधा लगाने की विशेष पहल इस आयोजन को सामाजिक और पर्यावरणीय दृष्टि से खास बनाती है।
टाटा स्टील ओएमक्यू के महाप्रबंधक अतुल कुमार भटनागर ने कहा जोडा रन-ए-थॉन 2025 का उद्देश्य समुदाय को एकजुट करना है, जिससे फिटनेस और पर्यावरण जागरूकता दोनों को बढ़ावा मिले। मैं सभी दौड़ प्रेमियों से अपील करता हूं कि वे इसमें भाग लें और एक स्थायी भविष्य की दिशा में हर कदम बढ़ाएं।”

टाटा स्टील खेलों को जीवनशैली का हिस्सा मानती है। कंपनी ने अपनी स्थापना से ही खेल प्रतिभाओं को निखारने और खेलों में उत्कृष्टता को प्रोत्साहन देने का कार्य किया है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों के विकास के साथ ही कंपनी अपने परिचालन क्षेत्रों — जमशेदपुर, कोलकाता, नोआमुंडी और मेरामंडली — में नियमित रूप से प्रतिस्पर्धी दौड़ कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है।









