स्वास्थ्य उपकेंद्र कब तक चालू होगा विधायक जी — महेंद्र जामुदा

SHARE:

ग्रामीणों ने ग्राम सभा में सड़क, पुल, नेटवर्क और स्वास्थ्य सेवाओं की समस्याएं उठाईं

Chaibasa सदर प्रखंड के पंडावीर पंचायत अंतर्गत छोटा बकाऊ गांव में रविवार को आयोजित ग्राम सभा में ग्रामीणों ने गांव की मूलभूत सुविधाओं की बदहाली को लेकर जोरदार आवाज उठाई। ग्राम सभा की अध्यक्षता मुण्डा बुढ़ाय सिंह सवैया और जितरा सवैया ने संयुक्त रूप से की, जबकि पंचायत की मुखिया मोटाए बोयपाई भी मौजूद रहीं।

बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि छोटा बकाऊ तक जाने वाली सड़क बेहद जर्जर हो चुकी है, जिससे आवागमन में कठिनाई होती है। वहीं पहाड़ी नाला पर पुल निर्माण कार्य वर्षों से अधर में लटका है—केवल नापी तक ही सीमित रह गया है, जबकि निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने यह भी शिकायत की कि गांव में मोबाइल टावर तो लगा है, लेकिन नेटवर्क सुविधा उपलब्ध नहीं, जिससे आपात स्थिति में सूचना देना मुश्किल हो जाता है।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी लोगों में गहरी नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो महीनों से सईया (स्वास्थ्य सहायिका) का चयन नहीं हुआ है, जिससे गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पंचायत के पेटा पीटी गांव में बना स्वास्थ्य उपकेंद्र अब तक चालू नहीं हो सका है।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया — “विधायक जी बताएं, आखिर यह स्वास्थ्य उपकेंद्र कब तक शुरू होगा?”

मौके पर उपस्थित समाजसेवी रमेश बालमुचू और अधिवक्ता महेंद्र जामुदा ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को जिला प्रशासन और सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी। ग्राम सभा में प्रधान तमसोय, गोविंद तुबिद, हरीश तामसोय, अर्जुन बोयपाई सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment