आईएसआई एजेंट के लिए नकली पासपोर्ट बनाने वाला मोनाजिर गिरफ्तार, मुंबई पुलिस ने आजादनगर में मारा छापा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंट के लिए नकली पासपोर्ट तैयार करने वाले मोनाजिर को मुंबई पुलिस ने आजादनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया है।

जानकारी के अनुसार, मोनाजिर मानगो चौक स्थित ‘एशियन इंटरनेशनल’ नामक ऑफिस से नकली पासपोर्ट और वीजा बनाने का काम करता था। यह कार्यालय लंबे समय से अवैध गतिविधियों का अड्डा बना हुआ था।

मोनाजिर अपने भाई दानिश खान के साथ इस रैकेट को संचालित करता था। वीजा तैयार करने के बाद वह ‘स्काई वर्ल्ड’ नामक कार्यालय के जरिये लोगों को विदेश भेजने का कारोबार करता था।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मोनाजिर पिछले 15 वर्षों से यह नेटवर्क चला रहा था। वह बेरोजगार युवाओं को विदेशों में नौकरी का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलता था।

मुंबई पुलिस ने मोनाजिर के भाई और पिता की मोबाइल दुकान पर भी छापेमारी की है, जहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। यह मामला अब न केवल जमशेदपुर बल्कि पूरे झारखंड और आसपास के राज्यों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

मोनाजिर 2017 में उलीडीह थाना क्षेत्र के एक आपराधिक मामले में जेल जा चुका है। स्थानीय पुलिस अब उसके अन्य पुराने मामलों और नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.