जेंडर समानता की दिशा में अनोखी पहल – खेल के माध्यम से समाज में बदलाव का संदेश

SHARE:

Jamshedpur : पटमदा के एस.एस. प्लस टू विद्यालय के मैदान में शनिवार को मिक्स जेंडर क्रिकेट मुकाबला खेला गया, जिसमें मैरीकॉम एकादश ने सायना नेहवाल एकादश को नौ विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। दो पारियों वाले टेस्ट ट्वेंटी फॉर्मेट (5-5 ओवर) के इस अनोखे मुकाबले में लड़के और लड़कियों ने मिलकर शानदार प्रदर्शन किया।

पहली पारी में सायना नेहवाल एकादश ने चार विकेट के नुकसान पर 42 रन बनाए, जबकि मैरीकॉम एकादश ने 43 रन बनाकर एक रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में सायना एकादश ने 43 रन बनाए, जिसके जवाब में मैरीकॉम एकादश ने एक विकेट खोकर 44 रन बनाते हुए जीत अपने नाम कर ली।

इस मैच में बच्चों ने न केवल खेल का आनंद लिया, बल्कि जेंडर समानता और टीम भावना का मजबूत संदेश भी दिया। विजेता टीम की कप्तान ज्योति कुमारी ने कहा, “लड़कियों को खेलने का अवसर कम मिलता है, लेकिन स्कूल में होने वाले इन मैचों से हमारा आत्मविश्वास और हौसला दोनों बढ़ा है।” वहीं उपकप्तान आजाद ने कहा, “लड़कियों के साथ खेलना एक नया अनुभव है — इससे सहयोग, सम्मान और समानता का भाव विकसित होता है।”

जेंडर समानता का संदेश – झारखंड से शुरू हुआ अभियान

झारखंड में मिक्स जेंडर क्रिकेट की शुरुआत वर्ष 2018 में निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार द्वारा की गई थी। इस पहल की सराहना क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर ने भी की थी। इसके बाद यह अभियान देशभर में फैल गया और अब अमेरिका, वेस्टइंडीज जैसे देशों में भी इस तरह के मुकाबले खेले जा रहे हैं।

इस पहल का उद्देश्य है कि ग्रामीण इलाकों की लड़कियां खेल के मैदान से जुड़ें और समाज में बालक-बालिका समानता का सशक्त संदेश स्थापित हो। खेल के माध्यम से सामाजिक बदलाव की यह पहल अब एक अभियान का रूप ले चुकी है।

मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक मिथिलेश कुमार, निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार, क्रिकेटर बृंदावन महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

जिले के घाटशिला, पटमदा और बोड़ाम प्रखंड के कई विद्यालयों में नियमित रूप से ऐसे मिक्स जेंडर मैच आयोजित किए जा रहे हैं। जल्द ही जिला स्तर पर मिक्स जेंडर क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करने की योजना है। अभियान में शामिल होने के इच्छुक विद्यालय और गांव 9470381724 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Comment