Jamshedpur : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा कि झामुमो–कांग्रेस गठबंधन झारखंडी जनता के बीच विभाजन की साजिश रच रहा है, लेकिन आजसू पार्टी झारखंडी एकता और मूल भावना की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन सबके संयुक्त संघर्ष से फलीभूत हुआ है, इसलिए किसी भी समुदाय को अलग-थलग करने की कोशिश नाकाम होगी।
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर आजसू पार्टी ने एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन की जीत सुनिश्चित करने हेतु व्यापक रणनीति तैयार की है।
इस क्रम में चिलगु, चांडिल स्थित पार्टी कार्यालय में कोल्हान स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुदेश महतो सहित क्षेत्र के तमाम प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस को चुनाव प्रभारी, जबकि हरेलाल महतो और सागेन हांसदा को सह–प्रभारी नियुक्त किया गया है।
श्री महतो ने बताया कि पंचायत एवं प्रखंड स्तर तक संगठन को सक्रिय करते हुए सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपी गई है। आजसू पार्टी, एनडीए गठबंधन की मजबूत सहयोगी के रूप में, प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन की विजय सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरी है।
सुदेश महतो ने कहा —
> “झारखंड की लड़ाई सभी समुदायों ने मिलकर लड़ी है। वर्तमान सरकार झारखंडियों में वैचारिक विभाजन पैदा कर रही है, जो राज्य की एकता के लिए घातक है। आजसू पार्टी इस साजिश को नाकाम करेगी।”









