आदित्यपुर में छठ के दौरान बड़ा हादसा टला, बहाव में फंसे युवक को गोताखोरों ने बचाया, भाजपा नेता निरंजन मिश्रा ने दिखाई संवेदनशीलता

SHARE:

Adityapur  : छठ पर्व के पावन अवसर पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बागबेड़ा छठ घाट की ओर से एक युवक नदी पार करने के दौरान तेज बहाव में बह गया और आदित्यपुर के कुलुपटांगा घाट की तरफ बहने लगा। नदी में अचानक गहराई और तेज धारा में फंसने के कारण युवक की जान जोखिम में पड़ गई, लेकिन मौके पर तैनात स्थानीय गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

युवक की पहचान आशीष कुमार, निवासी बागबेड़ा नया टोला के रूप में हुई है। बचाव के तुरंत बाद भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता निरंजन मिश्रा ने मानवीय पहल करते हुए अपने निजी वाहन से घायल युवक को टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की त्वरित चिकित्सा के बाद युवक को होश आ गया है और उसकी स्थिति पूरी तरह स्थिर बताई जा रही है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

स्थानीय गोताखोर वीरेंद्र एवं उनकी टीम

संतोष चौबे

आशीष झा

अशोक चौधरी


इन सभी ने मिलकर समय रहते युवक की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अस्पताल पहुंचने पर युवक के माता-पिता भावुक हो उठे और उन्होंने भाजपा नेता निरंजन मिश्रा एवं गोताखोरों की टीम का आभार व्यक्त किया।

इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि समय पर उठाए गए संवेदनशील कदम और सामुदायिक सहयोग से बड़ी से बड़ी दुर्घटना को टाला जा सकता है। छठ घाट पर मौजूद लोगों ने भी निरंजन मिश्रा और उनकी टीम की सराहना की।

Leave a Comment