Jamshedpur : सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सूर्य मंदिर समिति द्वारा आयोजित छठ महोत्सव में श्रद्धा और उत्साह का अभूतपूर्व माहौल देखने को मिला। सोमवार शाम शंख मैदान में हुए इस भव्य आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और गणमान्यजन मौजूद रहे।
महोत्सव की विशेष आकर्षण रही सुप्रसिद्ध लोकगायिका डिम्पल भूमि और मानवी सिंह, जिनकी छठ एवं भक्ति गीतों की प्रस्तुति ने संपूर्ण वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। ‘हे छठी मईया, कांच ही बांस के बहंगिया’ और ‘राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी’ जैसे लोकगीतों पर श्रद्धालु झूम उठे। लौहनगरी की उभरती गायिका दिव्य रत्न ने भी अपनी प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान 2 लाख मोतियों से भगवान भास्कर की अद्भुत आकृति बनाने वाले युवा कलाकार विवेक मिश्रा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने 22 दिनों की कड़ी मेहनत से यह अनुपम रचना तैयार की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि छठ महापर्व समाज में एकता, आध्यात्मिक जागृति और सनातन संस्कृति के संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने सूर्य मंदिर समिति को इस धार्मिक धरोहर को जीवंत रखने के लिए बधाई दी और कहा कि “छठ पर्व हमें अपनी जड़ों से जोड़ता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।”
सूर्य मंदिर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि समिति सदैव लोक आस्था और संस्कृति की सेवा के लिए समर्पित रही है और आगे भी समाज के धार्मिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य जारी रखेगी।
समूह गान, पारंपरिक लोकनृत्य और भक्ति संगीत से सजे इस महोत्सव में महिलाएं, बच्चे और वरिष्ठ नागरिक देर रात तक मंच के समीप डटे रहे और आयोजन का आनंद लेते रहे। संजीवा इवेंट्स द्वारा मंच संचालन किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय प्रतिनिधियों समेत हजारों श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने छठ मैया से परिवार और समाज की सुख-शांति की कामना की।









